बेलाकोबा में नन्हे छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा
जलपाईगुड़ी, 11 अगस्त (हि. स.)। राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर मंगलवार को राजगंज ब्लॉक के बेलाकोबा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बेलाकोबा आरआर प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को लेकर आयोजित इस विशेष रैली में बच्चों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तिरंगा यात्रा की शुरुआत बेलाकोबा आरआर प्राथमिक विद्यालय परिसर से हुई। राष्ट्रीय ध्वज हाथों में लेकर छात्र-छात्राएं हाईस्कूल के सामने से होते हुए विवेकानंद मोड़ तक पहुंचे और वहां से वापस विद्यालय परिसर लौटे। इस दौरान पूरे इलाके में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।रैली में राजगंज के बीडीओ शुभंकर दास, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी और बेलाकोबा पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी भी शामिल हुए।
राजगंज के बीडीओ शुभंकर दास ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नौ से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले के साथ-साथ राजगंज ब्लॉक के अलग-अलग इलाकों में भी कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नन्हे छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

