बेकाबू टोटो ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला गंभीर घायल
हुगली, 21 सितंबर (हि. स.)। हिंदमोटर के बी.बी. स्ट्रीट पर सोमवार को एक तेज रफ्तार टोटो ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। नशे की हालत में टोटो चलाने के आरोप को लेकर लोगों ने विरोध जताया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टोटो चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर जा गिरीं और उनके सिर तथा पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया।
इसी दौरान टोटो चालक के परिजन कथित तौर पर उसे घटनास्थल से जबरन ले जाने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद स्थानीय लोगों और चालक के परिजनों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार टोटो पर कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

