home page

बीरभूम में पत्थर खदान धंसी, दो मजदूरों की मौत

 | 
बीरभूम में पत्थर खदान धंसी, दो मजदूरों की मौत


बीरभूम, 16 मार्च (हि. स.)। जिले में सोमवार को एक पत्थर खदान में धंसने की घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुरारई थाना क्षेत्र के गोपालपुर इलाके में हुआ।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस खदान में दुर्घटना हुई, उसका मालिक बीरभूम जिला परिषद के कर्माध्यक्ष सिराजुल इस्लाम बताए जा रहे हैं। सोमवार को खदान में काम चल रहा था, तभी अचानक मिट्टी और पत्थर धंस गए। उस समय वहां करीब 12 से 14 मजदूर काम कर रहे थे और अधिकांश मजदूर पत्थरों के नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों की मदद से कई मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, घायलों में कई की हालत गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले वर्ष सितंबर में भी नलहाटी इलाके की एक खदान में इसी तरह की दुर्घटना हुई थी, जिसमें पांच मजदूरों की मौत हो गई थी। सोमवार की इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खदान के मालिक और तृणमूल नेता को गिरफ्तार करने की मांग की है।

भाजपा के बीरभूम जिले के पूर्व अध्यक्ष ध्रुव साहा ने आरोप लगाया कि यह खदान अवैध है और चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद यहां काम जारी था। उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि पार्टी इस मामले की जानकारी जुटा रही है और फिलहाल प्राथमिकता घायलों की स्थिति और राहत कार्य पर ध्यान देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय