home page

बीरभूम के मल्लारपुर में 31 ताजा बम बरामद होने से इलाके में दहशत

 | 
बीरभूम के मल्लारपुर में 31 ताजा बम बरामद होने से इलाके में दहशत


बीरभूम, 22 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बावजूद बीरभूम जिले में बम बरामद होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार सुबह मल्लारपुर थाना क्षेत्र के कोट गांव में भारी मात्रा में ताजा बम मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने गांव के चांदेर मैदान स्थित तालाब किनारे बांस झाड़ियों के पास कतारबद्ध तरीके से रखे कई ताजा बम देखे। इसके बाद मल्लारपुर थाने को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 31 ताजा बम बरामद किए। बाद में बम निरोधक दस्ते की मदद से सभी बमों को निष्क्रिय कर दिया गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात मल्लारपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव के कई घरों में तलाशी अभियान चलाया था। बताया जा रहा है कि अब्दुल शेख, बारिक शेख, नासिर खान, फईजुल शेख और खोकन शेख समेत कई लोगों के घरों में पुलिस ने छापेमारी की थी।

ग्रामीणों का अनुमान है कि पुलिस कार्रवाई के बाद गिरफ्तारी के डर से किसी ने बमों को बांस झाड़ियों में फेंक दिया होगा। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चुनाव के बाद इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने से कोट गांव के लोगों में दहशत का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय