home page

बारुईपुर सामूहिक दुष्कर्म-हत्या मामला : तीन आरोपितों के साथ घटनास्थल का पुनर्निर्माण, सीआईडी भी जांच में जुटी

 | 
बारुईपुर सामूहिक दुष्कर्म-हत्या मामला : तीन आरोपितों के साथ घटनास्थल का पुनर्निर्माण, सीआईडी भी जांच में जुटी


कोलकाता, 14 जुलाई (हि. स.)। बारुईपुर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच के तहत मंगलवार सुबह पुलिस तीन गिरफ्तार आरोपितों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और वारदात का पुनर्निर्माण कराया। हाल ही में इसी मामले के एक आरोपित की पुलिस मुठभेड़ में मौत और उसके बाद सूरजपुर थाने के जांच अधिकारियों के तबादले के बीच यह कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिस आरोपित की मुठभेड़ में मौत हुई थी, उसे भी घटना के पुनर्निर्माण के लिए रात करीब 2:20 बजे घटनास्थल पर ले जाया गया था। सूरजपुर स्टेशन के निकट स्थित यह इलाका दलदली और झाड़ियों से घिरा हुआ है। मंगलवार को शेष तीन आरोपितों को भी वहीं ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया।

उधर, कथित मुठभेड़ की घटना की जांच सीआईडी ने शुरू कर दी है। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि किन परिस्थितियों में पुलिस को गोली चलानी पड़ी।

पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में मारे गए आरोपित ने एक पुलिसकर्मी की जेब से रिवॉल्वर निकालकर एक राउंड फायर किया और भागने की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोली चलाई। गंभीर रूप से घायल आरोपित को बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसके परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिन पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के प्रत्यक्ष आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने के भी आरोप हैं। मुठभेड़ वाले दिन सुबह एक अन्य आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया था। इन्हीं तीनों आरोपितों के साथ मंगलवार को घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराया गया।

घटनास्थल पर पुनर्निर्माण के दौरान सीआईडी और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के अधिकारी भी मौजूद रहे और साक्ष्यों का परीक्षण किया। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय