home page

बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, पुलिस की गिरफ्त में अब तक नौ लोग

 | 
बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, पुलिस की गिरफ्त में अब तक नौ लोग


दक्षिण 24 परगना, 24 जुलाई (हि. स.)। बारुईपुर के सूर्यपुर में कथित सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता किशोरी का शव मिलने के बाद इंद्रजीत मंडल की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान लुत्फर शेख उर्फ लूटो (46) के रूप में हुई है। वह सूर्यपुर हाट क्षेत्र के भाटपोता का निवासी है। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इंद्रजीत मंडल की हत्या के मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान लुत्फर शेख का नाम सामने आया। इसके आधार पर गुरुवार रात बारुईपुर थाना पुलिस ने सूर्यपुर क्षेत्र में अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे बारुईपुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए आरोपित की पुलिस हिरासत की मांग की है।

इससे पहले इस मामले में फारुक सरदार, राजेश सरदार, शरीफुल मलिक, साबिउद्दीन बैद्य, फरीद शेख, अबू सिद्दीक सरदार, शमीम अली खान और साकिम लस्कर को गिरफ्तार किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले सूर्यपुर के एक तालाब से एक नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। शव मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। इसी दौरान संदेह के आधार पर स्थानीय लोगों ने इंद्रजीत मंडल को पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बाद में कहा था कि इंद्रजीत मंडल निर्दोष था। उन्होंने मृतक के परिवार से मुलाकात कर 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा और मृतक के बड़े भाई को सिविक वॉलंटियर की नौकरी देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि इंद्रजीत की हत्या उसकी पहचान के आधार पर की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के पीछे चुनाव में पराजित राजनीतिक तत्वों का उकसावा था।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि वीडियो फुटेज में जिन-जिन लोगों की पहचान हुई है, उन सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। इसी क्रम में पुलिस ने अब एक और आरोपित को गिरफ्तार कर जांच आगे बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय