home page

बारिश के बीच तारकेश्वर में पीएम मोदी की सभा की तैयारियां तेज, मंत्री बोले- सिंगूर में आएंगे कई बड़े उद्योगपति

 | 
बारिश के बीच तारकेश्वर में पीएम मोदी की सभा की तैयारियां तेज, मंत्री बोले- सिंगूर में आएंगे कई बड़े उद्योगपति


हुगली, 19 जून (हि. स.)। जिले के तारकेश्वर में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। लगातार हो रही बारिश के बावजूद प्रशासन और भाजपा नेतृत्व का दावा है कि कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। इस बीच शुक्रवार को राज्य के लोक निर्माण मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि केवल टाटा ही नहीं, बल्कि कई बड़े उद्योगपति भी सिंगूर में निवेश करने के लिए आने वाले हैं।

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने शुक्रवार को पहुंचे मंत्री अजय पोद्दार के साथ चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा, तारकेश्वर के विधायक संतु पान, हुगली के जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

तारकेश्वर के बालीगढ़ी मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य वक्ता होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, कई मंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर लाखों लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि शुक्रवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने तैयारियों को चुनौती दी है। कार्यक्रम स्थल पर कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों के आवागमन को लेकर चिंता बढ़ी है। इसके बावजूद प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं और कार्यक्रम निर्धारित समय पर ही होगा।

तारकेश्वर-बैद्यबाटी रोड के किनारे स्थित बालीगढ़ी मैदान में मुख्य आयोजन होगा। इसके लिए पांच बड़े हैंगर बनाए गए हैं तथा समीप ही अस्थायी हेलिपैड का निर्माण किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेटल डिटेक्टर, निगरानी व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की टीम भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुकी है। गुरुवार को हेलिपैड पर हेलीकॉप्टर की सफल ट्रायल लैंडिंग भी कराई गई।

चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग तथा अन्य सरकारी एजेंसियों के कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं। मैदान से पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं। साथ ही रेत, स्टोन चिप्स और बालू की बोरियों का इस्तेमाल कर जमीन को मजबूत बनाया जा रहा है।

तारकेश्वर के विधायक संतु पान ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियां हमेशा रहती हैं, लेकिन उन्हें कैसे पार किया जाए, यह हम जानते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री की सभा में दो लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति होगी और पूरे तारकेश्वर में उत्सव जैसा माहौल बनेगा।

निरीक्षण के बाद मंत्री अजय पोद्दार ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी और इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं। बारिश के कारण कोई बाधा नहीं आएगी और प्रधानमंत्री की सभा हर हाल में होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन के दौरान कई विकास परियोजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं।

पश्चिम बंगाल दिवस के संदर्भ में पोद्दार ने कहा कि इतिहास को भुलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन इतिहास को कभी मिटाया नहीं जा सकता। सिंगूर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सिंगूर एक बार फिर औद्योगिक नगरी बनेगा।

उन्होंने कहा कि केवल टाटा ही नहीं, कई बड़े उद्योगपति सिंगूर में आने वाले हैं। सिंगूर में उद्योगों का पुनर्जागरण होगा और पूरा पश्चिम बंगाल फिर से 'सोनार बांग्ला' बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उल्लेखनीय है कि भाजपा सरकार 20 जून को पश्चिम बंगाल दिवस मना रही है। पार्टी का कहना है कि 20 जून 1947 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में तारकेश्वर की धरती पर पश्चिम बंगाल को भारत में बनाए रखने के पक्ष में ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया गया था। उसी ऐतिहासिक दिन और डॉ. मुखर्जी के योगदान को स्मरण करने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय