बांसबेड़िया नगरपालिका पर भाजपा विधायक स्वराज घोष के गंभीर आरोप, बोले- जनता के पैसों से चला चुनावी खेल
हुगली, 28 मई (हि. स.)। सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक स्वराज घोष ने बांसबेड़िया नगरपालिका पर भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता और अवैध निर्माण को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुरुवार को हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि नगरपालिका के फंड और जनता से वसूले गए टैक्स के पैसों का इस्तेमाल चुनावी गतिविधियों में किया गया, जिसके कारण अब कर्मचारियों के वेतन और पेंशन तक के लिए पैसे नहीं बचे हैं।
स्वराज घोष ने कहा कि बांसबेड़िया नगरपालिका में अस्थायी श्रमिकों का वेतन लंबे समय से बकाया पड़ा है। वहीं पेंशनधारकों को भी करीब तीन महीने से पेंशन नहीं मिली है। सफाई कर्मचारियों की तनख्वाह भी कई महीनों से रुकी हुई है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जब उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से इस बारे में सवाल किया तो उन्हें बताया गया कि फंड ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि फंड कहां गया, इसका जवाब अब तक किसी ने नहीं दिया। जनता का पैसा आखिर किस काम में खर्च हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए।
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के पंचायत इलाकों की स्थिति भी लगभग ऐसी ही है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे प्रमाण सामने आए हैं जिनसे पता चलता है कि जनता के टैक्स का पैसा पार्षदों की जेब तक पहुंचा है।
स्वराज घोष ने नगरपालिका के कुछ पार्षदों पर अवैध वसूली और नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कराने के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इलाके में बड़ी संख्या में बहुमंजिली इमारतें बिना स्वीकृत नक्शे के बनाई गई हैं। कई जगहों पर भवन निर्माण के लिए जरूरी खुली जगह छोड़े बिना ही निर्माण कर लिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगरपालिका क्षेत्र में कुछ पार्षदों के निजी घर भी नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए हैं। विधायक ने कहा कि ऐसे सभी मामलों में नोटिस जारी किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक के इन आरोपों के बाद स्थानीय राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक बांसबेड़िया नगरपालिका या आरोपित पार्षदों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

