बर्धमान के तृणमूल पार्षद गिरफ्तार, पुलिस के काम में बाधा डालने के आरोप
पूर्व बर्धमान, 27 अप्रैल (हि. स.)। पुलिस के काम में बाधा डालने और धमकी देने के आरोप में बर्धमान शहर के 22 नंबर वार्ड के एक पार्षद को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार तड़के केंद्रीय बल और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार पार्षद का नाम नारूगोपाल भकत बताया गया है जो तृणमूल कांग्रेस का पार्षद है।
आरोप है कि नारूगोपाल भकत ने पुलिस और केंद्रीय बल को धमकी दी और उनके काम में बाधा उत्पन्न की। यहां तक कि उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि इलाके में प्रवेश करने के लिए पुलिस को पहले उनसे अनुमति लेनी होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को बर्धमान-दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार मौमिता विश्वास मिश्रा चुनाव प्रचार के लिए निकली थीं। उनके साथ स्थानीय नेता महादेव माल भी मौजूद थे। आरोप है कि उसी रात महादेव माल के घर पर हमला किया गया, जिसमें पथराव भी हुआ और इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलने पर बर्धमान थाने की पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान तृणमूल पार्षद नारूगोपाल भकत भी वहां पहुंचे और पुलिस व केंद्रीय बल के सामने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और चुनाव आयोग ने भी मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नारूगोपाल भकत के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी अधिकारियों को धमकी देने और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्हें आज बर्धमान जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण का मतदान होना है, जिसमें पूर्व बर्धमान जिले की विधानसभा सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे। इससे पहले तृणमूल पार्षद की गिरफ्तारी से इलाके में हलचल मच गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

