home page

बंगाल में खिलेगी धूप, चार दिनों में गिरेगा तापमान

 | 
बंगाल में खिलेगी धूप, चार दिनों में गिरेगा तापमान


कोलकाता, 6 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर थमने के बाद अब धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने का अनुमान है। दक्षिण बंगाल से लेकर उत्तर बंगाल तक दिन में धूप खिलने की संभावना है। हालांकि सुबह और देर रात के समय हल्की ठंड का अहसास हो सकता है।

अलीपुर मौसम विभाग (क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, कोलकाता) के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान और पूर्व बर्दवान सहित दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है।

कोलकाता में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर अपेक्षाकृत अधिक महसूस किया जा सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव राज्य में सर्दी के आगमन का संकेत दे रहा है।

फिलहाल सप्ताहांत तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि नौ और 10 नवंबर के आसपास दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में आंशिक बादल छाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी होने वाले आगामी पूर्वानुमान पर भी नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता