प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर विशेष बैठक, विधायक दीपांजन गुहा रहे मौजूद
हुगली, 19 नवंबर (हि. स.)। संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने और उससे पहले की तैयारियों की समीक्षा के लिए चंदननगर में गुरुवार को एक विशेष प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। चंदननगर नगर निगम और भद्रेश्वर नगरपालिका की संयुक्त पहल पर आयोजित इस बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक का नेतृत्व एडीएम (एलआर) अनुज प्रताप और महकमा शासक आशुतोष कुमार ने किया। इस दौरान चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संभावित प्राकृतिक आपदा के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपातकालीन सेवाओं को सुचारु बनाए रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा चंदननगर और भद्रेश्वर क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करना और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

