पोस्टर विवाद, भिड़े टीएमसी-बीजेपी कार्यकर्ता
सिलीगुड़ी, 09 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव से पहले नक्सलबाड़ी का शांत माहौल अचानक हिंसा की चपेट में आ गया। बुधवार रात रायपाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पोस्टर फाड़ने को लेकर भारतीत जनता पार्टी (बीजेपी) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इलाके में लगाए गए टीएमसी के पोस्टरों को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिया। इसका विरोध करने पहुंचे टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ पहले बहस और फिर हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों का दावा है कि इस घटना में बीजेपी के आठ और टीएमसी के तीन कार्यकर्ता घायल हुए है। सभी घायलों को नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की खबर मिलते ही बीजेपी उम्मीदवार आनंदमय बर्मन अस्पताल पहुंचे, जहां टीएमसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके जवाब में बीजेपी समर्थकों ने भी नारेबाजी की।
कुछ देर बाद टीएमसी उम्मीदवार शंकर मालाकार भी अस्पताल पहुंचे, जिससे वहां का माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
टीएमसी के कोऑर्डिनेटर अरुण घोष ने घटना की निंदा करते हुए बीजेपी पर इलाके का माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
वहीं, टीएमसी उम्मीदवार शंकर मालाकार ने चेतावनी दी कि आगे पोस्टर फाड़ने पर कार्यकर्ता कड़ी प्रतिक्रिया देंगे।
दूसरी ओर, बीजेपी उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि टीएमसी ने ‘बॉयकॉट बीजेपी’ के अवैध पोस्टर लगाए थे, जिन्हें हटाने पर उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नक्सलबाड़ी थाना की भारी पुलिस बल तैनात की गई है।
हालांकि, चुनाव से पहले इस घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

