home page

पूर्व परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने राजनीति से लिया संन्यास

 | 
पूर्व परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने राजनीति से लिया संन्यास


हुगली, 04 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व परिवहन मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है। गुरुवार को हुगली जिले के कोन्नगर स्थित कानाईपुर में अपने आवास पर उन्होंने कहा कि अब वह सक्रिय राजनीति में वापस नहीं लौटना चाहते।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं रहेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि लेखन, राजनीतिक विश्लेषण और विभिन्न सामाजिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने के माध्यम से वह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय बने रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में हुगली जिले की जांगीपाड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले स्नेहाशीष चक्रवर्ती को भाजपा उम्मीदवार के हाथों मामूली अंतर से पराजय का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही वह राजनीतिक गतिविधियों से लगभग दूर थे। यहां तक कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा आयोजित विभिन्न राजनीतिक कार्यक्रमों में भी उनकी उपस्थिति नहीं देखी गई। लंबे समय से उनकी राजनीतिक चुप्पी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अंततः गुरुवार को उन्होंने सार्वजनिक रूप से सक्रिय राजनीति से अलग होने के अपने निर्णय की घोषणा कर दी।

उन्होंने अपने बयान में किसी राजनीतिक विवाद या संगठनात्मक कारण का उल्लेख नहीं किया और इसे अपना व्यक्तिगत फैसला बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय