home page

पूर्व डीजी राजीव कुमार को तृणमूल ने मतगणना पर्यवेक्षक बनाया, दमदम-बैरकपुर की जिम्मेदारी

 | 

कोलकाता, 02 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार, जो अब तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं, को पार्टी ने विधानसभा चुनाव की मतगणना के दिन पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें दमदम-बैरकपुर सांगठनिक जिले का गणना पर्यवेक्षक बनाया गया है।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को काउंटिंग एजेंटों के साथ बैठक में राज्यभर के सांगठनिक जिलों के लिए गणना पर्यवेक्षकों की नियुक्ति का निर्णय लिया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में अलग-अलग जिलों के लिए पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई। इसी दौरान अभिषेक बनर्जी ने विशेष रूप से राजीव कुमार की भूमिका का उल्लेख किया। इसके अलावा, घाटाल सांगठनिक जिले की जिम्मेदारी अभिनेता-सांसद दीपक अधिकारी (देव) को और मेदिनीपुर जिले की जिम्मेदारी जून मालिया को दी गई है।

उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी तृणमूल ने कुछ सीटों पर विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे। उस समय तामलुक में राजीव बनर्जी, आरामबाग में शांतनु सेन और बांकुड़ा में समीर चक्रवर्ती को जिम्मेदारी दी गई थी। इस बार भी पार्टी ने उसी रणनीति को अपनाया है।

शनिवार की बैठक का मुख्य उद्देश्य मतगणना के दिन की रणनीति काउंटिंग एजेंटों तक पहुंचाना था। साथ ही, पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया कि एग्जिट पोल से उनका मनोबल कमजोर नहीं होना चाहिए। तृणमूल सूत्रों का कहना है कि बैठक में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि शेयर बाजार को प्रभावित करने के लिए एग्जिट पोल में भाजपा को आगे दिखाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि राजीव कुमार 31 जनवरी को राज्य पुलिस के डीजी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद 27 फरवरी को तृणमूल ने उन्हें राज्यसभा भेजने की घोषणा की और सात मार्च को उन्होंने सांसद के रूप में शपथ ली। अब उन्हें पहली बार पार्टी की ओर से सांगठनिक जिम्मेदारी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय