home page

पानीहाटी में चुनाव प्रचार के दौरान बवाल, अभया की मां के साथ दुर्व्यवहार

 | 
पानीहाटी में चुनाव प्रचार के दौरान बवाल, अभया की मां के साथ दुर्व्यवहार


उत्तर 24 परगना, 08 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के बीच पानीहाटी में प्रचार के दौरान बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब भाजपा उम्मीदवार, अभया की मां, ने अपने साथ दुर्व्यवहार और हमले की कोशिश का आरोप लगाया। इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है, हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने सभी आरोपों को खारिज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड संख्या छह में भाजपा उम्मीदवार, अभया की मां, प्रचार के लिए निकली थीं। इसी दौरान कुछ स्थानीय महिलाएं उन्हें घेरकर “जय बांग्ला” के नारे लगाने लगीं। भाजपा उम्मीदवार का आरोप है कि तृणमूल समर्थित असामाजिक तत्वों ने उन्हें घेरकर मारपीट की कोशिश की, जिसमें उनके कुछ समर्थक घायल भी हुए।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ हैं और तृणमूल कांग्रेस डर के कारण इस तरह की हरकतें कर रही है। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वह राज्य की महिलाओं की सुरक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगी और इस घटना का अंत तक मुकाबला करेंगी।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तीर्थंकर घोष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि भाजपा उम्मीदवार बाहरी लोगों को लेकर प्रचार कर रही थीं और लोगों को सरकारी योजनाओं, जैसे लक्ष्मी भंडार, बंद होने का डर दिखा रही थीं। इसी कारण स्थानीय लोग विरोध में सामने आए।

घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने हालात को संभालते हुए उम्मीदवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय