home page

पानिहाटी की लड़ाई न्याय की जंग है : अमित मालवीय

 | 


कोलकाता, 26 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर 24 परगना जिले के पानिहाटी विधानसभा सीट से आर्ची कर दुष्कर्म हत्याकांड की पीड़ित युवा डॉक्टर की मां, रत्ना देबनाथ को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इस चुनाव को न्याय की लड़ाई के रूप में प्रस्तुत किया है।

भाजपा के सह प्रभारी और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह केवल उम्मीदवार उतारने का मामला नहीं है, बल्कि न्याय की लड़ाई है। उन्होंने राज्य सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस भयावह अपराध को संभालने में ममता बनर्जी सरकार से कई गंभीर चूक हुईं।

मालवीय ने कहा कि इन कथित चूकों में सच्चाई को दबाने का प्रयास, सबूत मिटाना, पोस्टमार्टम में गड़बड़ी, जल्दबाजी में अंतिम संस्कार, फॉरेंसिक जांच के लिए नमूनों का सुरक्षित न रखना और अपराध स्थल से छेड़छाड़ जैसे आरोप शामिल हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे रत्ना देबनाथ का समर्थन करें और इस न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े होकर बदलाव के लिए मतदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय