पांडुआ में गांजे के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, भारी मात्रा में गांजा बरामद
हुगली, 26 अगस्त (हि. स.)। अवैध रूप से गांजा बेचने के आरोप में पांडुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हराल हाटतला इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 10 किलो 522 ग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजू कर्मकार के रूप में हुई है। आरोपित को बुधवार को चुंचुड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से आरोपित की 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजू कर्मकार द्वारा अपने घर से ही गांजे की अवैध बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। मिली सूचना के आधार पर मंगलवार रात पांडुआ पुलिस ने हराल हाटतला इलाके में उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से 10 किलो 522 ग्राम गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने राजू कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया और बरामद गांजे को जब्त कर लिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

