home page

पहाड़ों में भारी बारिश से हालात गंभीर, भूस्खलन और बाढ़ का खतरा

 | 
पहाड़ों में भारी बारिश से हालात गंभीर, भूस्खलन और बाढ़ का खतरा


सिलीगुड़ी, 17 जुलाई (हि. स.)। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। कई जगहों पर छोटे पहाड़ी झरने उफान पर आकर नदी का रूप ले चुके हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

गुरुवार को धोपिखोला और पागलाझोरा इलाके में झरनों का खतरनाक रूप देखने को मिला। जो शुक्रवार को और खतरनाक हो गई है।

तेज बहाव के कारण कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है। पागलाझोरा में राष्ट्रीय राजमार्ग-110 पर झरने का पानी तेज रफ्तार से बहने लगा, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात बंद करना पड़ा। बाद में हालात सामान्य होने पर आवाजाही बहाल की गई।

लगातार बारिश के चलते बालासन, तीस्ता और रंगीत नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।

वहीं, पहाड़ों की मिट्टी ढीली होने से भूस्खलन का खतरा और बढ़ गया है। सेवक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर पहाड़ से पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क कुछ समय के लिए बंद रही, जिसे बाद में साफ कर एकतरफा यातायात शुरू किया गया।

जिलाधिकारी हरीशंकर पनिक्कर ने बताया कि सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लोगों को नदी और झरनों के पास न जाने की चेतावनी दी जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और खतरे वाले इलाकों से दूर रहें। आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार