home page

पश्चिम बंगाल में आज अधिकांश हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क, कुछ जगह हल्की बारिश

 | 
पश्चिम बंगाल में आज अधिकांश हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क, कुछ जगह हल्की बारिश


कोलकाता, 28 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सोमवार को मौसम में काफी बदलाव की संभावना है। दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 28 सितंबर से एक अक्टूबर तक उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भी छिटपुट हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।

कोलकाता और आसपास के जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। उमस के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। रविवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत रही।

दक्षिण बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, हुगली, हावड़ा, नदिया तथा दोनों 24 परगना जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब बारिश की गतिविधि में कमी आने की संभावना है। रविवार को मेदिनीपुर में 37 मिलीमीटर और पुरुलिया में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।

तटीय क्षेत्रों में भी मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि समुद्र में हवा तेज रहने और समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को मौसम विभाग के निर्देशों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। आईएमडी के समुद्री बुलेटिन के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जिसके आगे बढ़ने की संभावना है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पहाड़ी जिलों में अगले कुछ दिनों तक छिटपुट बारिश की संभावना बनी रहेगी।

रविवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जलपाईगुड़ी में अधिकतम तापमान 35.6, सिलीगुड़ी में 35.5, कूचबिहार में 34.7, दीघा में 34.2 और मेदिनीपुर में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता