पश्चिम बंगाल पिछड़ा वर्ग आयोग का पुनर्गठन, न्यायमूर्ति रंजीत कुमार बाग बने अध्यक्ष
कोलकाता, 06 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने पश्चिम बंगाल पिछड़ा वर्ग आयोग का पुनर्गठन कर दिया है। इस संबंध में गुरुवार को विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर नई समिति के सदस्यों के नामों की घोषणा की गई है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कलकत्ता हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजीत कुमार बाग को आयोग का अध्यक्ष (चेयरमैन) नियुक्त किया गया है।
आयोग के अन्य सदस्यों में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी नवीन प्रकाश तथा सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी रोशनी सेन को सदस्य बनाया गया है। वहीं, डब्ल्यूबीसीएस (कार्यकारी) अधिकारी कंचन चौधरी को आयोग का सदस्य-सचिव नियुक्त किया गया है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि आयोग का पुनर्गठन प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने और पिछड़ा वर्ग से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से किया गया है। नई समिति तत्काल प्रभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

