home page

निर्माणाधीन फ्लैट से युवक का शव बरामद, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

 | 
निर्माणाधीन फ्लैट से युवक का शव बरामद, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप


दक्षिण 24 परगना, 19 सितंबर (हि. स.)। जिले के नरेंद्रपुर थानांतर्गत रामकृष्णपल्ली इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन फ्लैट से युवक का रक्तरंजित शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रंजू मंडल (32) के रूप में हुई है। वह सोनारपुर थानांतर्गत कालिकापुर-2 ग्राम पंचायत के चांदपुर इलाके का निवासी था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पेशे से राजमिस्त्री रंजू पिछले करीब तीन वर्षों से इसी निर्माणाधीन फ्लैट में काम कर रहा था। परिवार में उसकी मां, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

परिवार के मुताबिक, विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर निर्माणाधीन फ्लैट में पूजा का आयोजन किया गया था। परिजनों का आरोप है कि पूजा समाप्त होने के बाद वहां शराब की महफिल भी बैठी थी। रात में रंजू के घर नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की।

शनिवार दोपहर तलाश के दौरान परिजन जब निर्माणाधीन फ्लैट में पहुंचे तो उन्होंने रंजू को वहां रक्तरंजित हालत में पड़ा देखा। उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन परिवार के अनुसार उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों का आरोप है कि रंजू के सीने और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। इसी आधार पर परिवार ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिवार का यह भी दावा है कि रंजू के साथ मौजूद रहने वाले कुछ लोगों का भी पता नहीं चल रहा है।

घटना की सूचना पाकर नरेंद्रपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रंजू के भाई संजू मंडल और बहन मंजू मंडल ने आरोप लगाया, “रंजू की हत्या की गई है। हमारा अनुमान है कि शराब की महफिल में किसी विवाद को लेकर उसकी हत्या की गई होगी। उसके साथ मौजूद लोगों को पकड़कर पूछताछ करने पर ही सच्चाई सामने आ सकती है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय