home page

नवजात शिशुओं के प्रमाणपत्र के लिए शुरू हुआ ‘प्रोजेक्ट परिचय’, एक ही छत के नीचे मिलेंगे जन्म, आधार और जाति प्रमाणपत्र

 | 
नवजात शिशुओं के प्रमाणपत्र के लिए शुरू हुआ ‘प्रोजेक्ट परिचय’, एक ही छत के नीचे मिलेंगे जन्म, आधार और जाति प्रमाणपत्र


जलपाईगुड़ी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नवजात शिशुओं के सरकारी प्रमाणपत्र बनवाने में अभिभावकों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए जिले के मालबाजार में ‘प्रोजेक्ट परिचय’ नाम से एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। शनिवार को मालबाजार महकमा शासक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जलपाईगुड़ी की जिलाधिकारी अदिति चौधरी ने आधिकारिक रूप से इस परियोजना का शुभारंभ किया।

मालबाजार के महकमा शासक की पहल पर शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य नवजात बच्चों को कम समय में एक ही स्थान से जन्म प्रमाणपत्र, आधार से संबंधित दस्तावेज और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के बच्चों के जाति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना है। इससे बच्चे के जन्म के बाद अभिभावकों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

इस पूरी प्रक्रिया में स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और भारतीय डाक विभाग मिलकर काम करेंगे। फिलहाल यह सुविधा मालबाजार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शुरू की गई है। प्रशासन के अनुसार, शुरुआती सफलता के बाद चरणबद्ध तरीके से महकमे के अन्य अस्पतालों में भी इस सेवा का विस्तार किया जाएगा।

मालबाजार महकमा चाय बागानों और जनजातीय आबादी वाले इलाकों से घिरा है। ऐसे में प्रशासन का मानना है कि इस सुविधा से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाधिकारी अदिति चौधरी के अलावा मालबाजार के विधायक शुक्रा मुंडा, नागराकाटा के विधायक पुना भेंगरा, महकमा शासक उत्कर्ष खंडाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कुछ नवजात बच्चों के अभिभावकों को आवश्यक प्रमाणपत्र और दस्तावेज भी सौंपे गए। दस्तावेज हाथ में मिलने के बाद अभिभावकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार