नकली नोटों का बंडल देकर बुजुर्ग महिला से ठगी
सिलीगुड़ी, 01 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी संलग्न फुलबाड़ी के बटालियन मोड़ इलाके में शुक्रवार दोपहर नकली नोटों का बंडल देकर बुजुर्ग महिला से ठगी की घटना सामने आई।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब पारुल विश्वास (60) बाजार जाने के लिए घर से निकली थी। जैसे ही वह बटालियन मोड़ इलाके में पहुंची, दो अज्ञात युवक उनसे बातचीत करने लगे। बातों में उलझाकर उन्होंने महिला को बताया कि उनके पास लाखों रुपये का एक बंडल है। इसके बाद उन्होंने कपड़े में लिपटा हुआ एक बंडल पारुल देवी को थमा दिया।
ठगों की बातों पर भरोसा कर पारुल विश्वास ने अपने पास मौजूद सोने-चांदी के गहने और नकदी उनके हवाले कर दी। लेकिन कुछ ही देर बाद जब दोनों युवक वहां से चले गए, तो महिला को शक हुआ। बंडल खोलकर देखा तो उसमें नोटों की जगह सिर्फ कागज भरे हुए थे। तब उन्हें समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो गई है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर न्यू जलपाईगुड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।
हिन्दुस्थान समाचार

