देशविरोधी मानसिकता का होगा अंत : दिलीप घोष
कोलकाता, 01 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री दिलीप घोष ने जादवपुर विश्वविद्यालय में कथित देशविरोधी गतिविधियों को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार रात समाज माध्यम पर पोस्ट कर कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लंबे समय से कुछ ऐसे समूह सक्रिय रहे हैं, जो देशहित से ज्यादा देशविरोधी सोच और कट्टरपंथी विचारों को बढ़ावा देते रहे हैं। अब देश के कई हिस्सों से ऐसी सोच काफी हद तक खत्म हो चुकी है।
दिलीप घोष ने कहा कि दुर्भाग्य से जादवपुर विश्वविद्यालय जैसे शिक्षण संस्थानों में आज भी कुछ लोग ऐसी सोच को ‘प्रगतिशीलता’ और ‘आधुनिकता’ का नाम देकर आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि समय बदल रहा है और नई सोच के साथ इस स्थिति में भी बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि बंगाल में दीवारों पर नारे और अपने विचार लिखने की पुरानी परंपरा रही है। लोगों को अपने विचार रखने की आजादी भी है। इसमें कोई परेशानी नहीं है। लेकिन शिक्षण संस्थान की दीवारों या किसी अन्य जगह पर देशविरोधी नारे लिखने और उनका प्रचार करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति, अच्छे विचार और स्वस्थ वातावरण बनाना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

