home page

देशप्राण वीरेंद्रनाथ शासमल की पुण्यतिथि पर शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि

 | 
देशप्राण वीरेंद्रनाथ शासमल की पुण्यतिथि पर शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि


कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार सुबह महान स्वतंत्रता सेनानी और मेदिनीपुर देशप्राण वीरेंद्रनाथ शासमल की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर देश के स्वतंत्रता संग्राम में शासमल के योगदान और उनके त्याग को याद किया।

शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में वीरेंद्रनाथ शासमल को विशिष्ट स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए उन्हें मेदिनीपुर का मुकुटहीन सम्राट और देशप्राण के रूप में स्मरण किया। उनका जीवन देश के प्रति प्रेम, समर्पण और संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल रहा है।

वीरेंद्रनाथ शासमल का जन्म 26 अक्टूबर 1881 को अविभाजित मेदिनीपुर जिले के कांथी के चांदीभेटी गांव में हुआ था। पेशे से बैरिस्टर रहे शासमल ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने असहयोग आंदोलन और स्वराज पार्टी के माध्यम से जनआंदोलनों को मजबूत किया। मेदिनीपुर में यूनियन बोर्ड के विरोध में चलाए गए आंदोलन के कारण उन्हें विशेष पहचान मिली।

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को कानूनी सहायता भी प्रदान की। 1923 में वे मेदिनीपुर जिला बोर्ड के अध्यक्ष चुने गए और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। 24 नवंबर 1934 को उनका निधन हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता