दिशा समिति की बैठक में विकास परियोजनाओं की समीक्षा, जनसेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर
हुगली, 15 जुलाई (हि. स.)। हुगली जिले में बुधवार को जिला दिशा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी (डीएम) खुर्शीद अली कादरी, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) के. वी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आम लोगों की समस्याओं, शिकायतों और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए उन्हें अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
प्रशासन का मानना है कि हुगली जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। इस उद्देश्य से आयोजित दिशा समिति की बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

