दिलीप बर्मन सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर परिषद पद से हटाए गए
सिलीगुड़ी, 11 मई (हि. स.)। दिलीप बर्मन को सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर परिषद (एमआईसी) पद से हटा दिया गया है। सोमवार को मेयर गौतम देव ने यह फैसला लिया। हालांकि दिलीप बर्मन का कहना है कि उन्हें इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
दिलीप बर्मन वर्ष 2022 में तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से ट्रेड लाइसेंस और हाउसिंग विभाग के मेयर परिषद सदस्य थे। वह 46 नंबर वार्ड के पार्षद भी है। पिछले कुछ समय से वह मेयर गौतम देव और डिप्टी मेयर रंजन सरकार के खिलाफ अवैध निर्माण से जुड़े आरोप लगाते हुए लगातार मुखर थे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से नगर निगम नेतृत्व की आलोचना भी की थी।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में उन्हें तृणमूल कांग्रेस के लिए ज्यादा सक्रिय प्रचार करते नहीं देखा गया। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि पार्टी की चुनावी हार के बाद नेतृत्व की नाराजगी के चलते उन्हें पद से हटाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

