तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय अस्पताल में भर्ती
कोलकाता, 19 जनवरी (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय को अस्वस्थता के चलते रविवार रात शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रविवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
गौरतलब है कि सौगत राय को इससे पहले भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण कई बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। बीते वर्ष जुलाई में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक, उन्हें टाइप-2 डायबिटीज की समस्या है। इससे पहले जून महीने में भी सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।
इसके अलावा, पिछले साल अप्रैल में आरियादह में एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। वाहन से उतरते समय वे अस्वस्थ हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहां पेसमेकर लगाया गया था। वहीं, मार्च में संसद सत्र के दौरान दिल्ली में भी उन्हें अस्वस्थता महसूस हुई थी।
हालांकि, हाल ही में संपन्न संसद के शीतकालीन सत्र में वरिष्ठ सांसद उपस्थित रहे थे। फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

