home page

तृणमूल उम्मीदवार के खिलाफ आय़ कर की कार्रवाई पर बिफरीं ममता, लगाया एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

 | 

कूचबिहार, 17 अप्रैल (हि.स.) कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के नेता और पार्टी उम्मीदवार देवाशीष कुमार के घर और कार्यालय पर आय कर की छापेमारी को लेकर पार्टी सुप्रीमों ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इसे लेकर उन्होंने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कूचबिहार के रासमेला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सीधी राजनीतिक लड़ाई में विफल हो चुकी है, इसलिए तृणमूल उम्मीदवारों और पार्टी कार्यालयों पर प्रवर्तन निदेशालय तथा आयकर विभाग के जरिए छापेमारी कराई जा रही है।

ममता बनर्जी ने कहा कि काले धन के हवाला कारोबार करने वाले लोग बंगाल में बैठे हैं, लेकिन कार्रवाई उनके खिलाफ नहीं हो रही। इसके बजाय मेरे उम्मीदवार के घर और पार्टी कार्यालय में तलाशी ली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके विमान की भी तलाशी लेने की कोशिश की गई थी और उनके सुरक्षा कर्मियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह आमने-सामने राजनीतिक मुकाबला नहीं कर पा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता मतदान पेटी के माध्यम से इसका जवाब देगी।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह से रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार देवाशीष कुमार के मनोहरपुकुर स्थित आवास और कार्यालय में आयकर विभाग ने तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद थे। बताया गया है कि एक साथ उनके दो ठिकानों पर जांच की गई, जिसके बाद उनके ससुराल में भी तलाशी ली गई।

इस कार्रवाई को लेकर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी देखी गई। पार्टी ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी दलों को परेशान करने की कोशिश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार