home page

तालाब में नहाने उतरा डूबा दसवीं का छात्र, तलाश जारी

 | 
तालाब में नहाने उतरा डूबा दसवीं का छात्र, तलाश जारी


हुगली, 03 मार्च (हि. स.)। तारकेश्वर में रंगों के त्योहार की खुशियां एक दर्दनाक हादसे में बदल गईं। होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ तालाब में नहाने उतरा दसवीं कक्षा का छात्र अचानक पानी में डूब गया। डूबे नाबालिग छात्र का नाम चंचल घोष है।

खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था और प्रशासन की ओर से लगातार तलाश जारी थी।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे चंचल घोष नामक नाबालिग छात्र होली खेलने के बाद अपने कुछ दोस्तों के साथ तारकेश्वर मंदिर के प्रसिद्ध दूध पुकुर में स्नान करने गया था। चंचल सहित उसके सभी दोस्त तारकेश्वर के भांजीपुर गांव के निवासी हैं और भांजीपुर देशबंधु विद्या निकेतन स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान अचानक चंचल तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग तुरंत तालाब में उतरकर उसकी तलाश में जुट गए। बाद में गोताखोरों को भी उतारा गया, लेकिन करीब तीन से चार घंटे की खोज के बावजूद छात्र का पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलने पर तारकेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि चंदननगर से विशेष गोताखोरों को बुलाया गया है और तलाश अभियान लगातार जारी है।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि हम घर पर थे। अचानक खबर मिली कि तारकेश्वर मंदिर के पास तालाब में एक लड़का डूब गया है। हम तुरंत मौके पर पहुंचे। सुबह करीब 11 से साढ़े 11 बजे के बीच वे सभी होली खेल रहे थे।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। परिजन और सभी की निगाहें प्रशासन की तलाश अभियान पर टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय