home page

तारकेश्वर में तृणमूल को बड़ा झटका, कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा पूर्वक पार्टी कार्यालय भाजपा के हवाले किया

 | 
तारकेश्वर में तृणमूल को बड़ा झटका, कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा पूर्वक पार्टी कार्यालय भाजपा के हवाले किया


हुगली, 13 मई (हि.स.)। हुगली जिले के तारकेश्वर में तृणमूल कांग्रेस संगठन में टूट और असंतोष की तस्वीर एक बार फिर खुलकर सामने आई है। पिछले कुछ वर्षों से जिस पार्टी का इलाके में एकाधिकार था, उसी पार्टी के बूथ स्तर के नेताओं ने सार्वजनिक रूप से पार्टी कार्यालय भाजपा के हवाले कर दिया।

2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्यभर में शुरू हुए राजनीतिक बदलाव का असर अब तारकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के संतोषपुर ग्राम पंचायत के नारायणपुर इलाके में भी साफ दिखाई देने लगा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके के 182 नंबर बूथ के तृणमूल सदस्य रमेन खां और 180 नंबर बूथ की सदस्य टुम्पा घड़ाई ने बुधवार को स्वेच्छा से तृणमूल का पार्टी कार्यालय भाजपा नेताओं को सौंप दिया। सिर्फ कार्यालय की चाबी ही नहीं, बल्कि दोनों नेताओं ने खुलकर यह भी कहा कि अब वे जनता के हित में भाजपा के साथ काम करना चाहते हैं।

इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 207 सीटें जीतकर सरकार बनाई है। तारकेश्वर सीट से भाजपा उम्मीदवार संतु पान ने भी करीब 30 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।

मीडिया से बातचीत में रमेन खां ने कहा, “जनता ने बदलाव के पक्ष में फैसला दिया है। अब भाजपा सरकार सत्ता में है, इसलिए इलाके के लोगों को सरकारी सुविधाएं तेजी से मिलें, इसी सोच के साथ हमने यह पार्टी कार्यालय भाजपा को सौंपा है।”

वहीं, टुम्पा घड़ाई ने तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग इतने दिन बड़ी-बड़ी बातें करते थे, वे जनता के साथ नहीं खड़े हुए। अब लोग विकास और बेहतर सेवाएं चाहते हैं, इसलिए हम जनता के हित में भाजपा के साथ काम करेंगे।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय