home page

डानकुनी : झील में नाव पलटने से दो छात्रों की मौत, शव बरामद

 | 
डानकुनी : झील में नाव पलटने से दो छात्रों की मौत, शव बरामद


हुगली, 25 मई (हि. स.)। जिले के डानकुनी नगरपालिका के वार्ड संख्या 14 स्थित सूर्यसेन नगर इलाके में झील में नाव पलटने से दो छात्रों की डूबकर मौत हो गई। पूरी रात चले तलाशी अभियान के बाद सोमवार सुबह दोनों के शव बरामद किए गए। घटना से इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान अनिक विश्वास (17) और अंशु बारुई (16) के रूप में हुई है। अनिक चंडीतला गोरलगाछा हाई स्कूल का छात्र था, जबकि अंशु डानकुनी शिशु तीर्थ हाई स्कूल में पढ़ता था।

जानकारी के अनुसार, इलाके के चार छात्र रविवार रात करीब नौ बजे एक डोंगी नाव लेकर झील में घूमने निकले थे। इसी दौरान अचानक नाव पलट गई। चार में से दो छात्र तैरकर किनारे आने में सफल रहे, जबकि बाकी दो छात्र पानी में डूब गए। घटना की सूचना पाकर डानकुनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय युवकों की मदद से रातभर झील में तलाशी अभियान चलाया गया। लापता छात्रों की तलाश में जाल डाले गए। बाद में जिले से आपदा प्रबंधन दल की स्पीडबोट भी मंगाई गई। लगातार कई घंटे की खोजबीन के बाद सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों छात्रों के शव झील से बरामद किए गए।

बताया गया है कि चांपदानी से भाजपा विधायक दिलीप सिंह का घर भी उसी इलाके में स्थित है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय