home page

जीआरपी की तत्परता से सोने के गहने बरामद

 | 
जीआरपी की तत्परता से सोने के गहने बरामद


जीआरपी की तत्परता से सोने के गहने बरामद


हावड़ा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हावड़ा जीआरपी जिले के कमारकुंडु और श्रीरामपुर जीआरपी थानों की तत्परता से करीब सात लाख रुपये के सोने के गहने बरामद कर उसकी मालकिन को सौंप दिए गए। ट्रेन में छूटे बैग को सुरक्षित बरामद कर पुलिस ने महिला को उसके सभी सामान वापस कर दिए।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम कमारकुंडु जीआरपी थाने को सूचना मिली कि कमारकुंडु रेलवे स्टेशन पर उतरने वाली एक महिला अपना बैग तारकेश्वर-हावड़ा लोकल ट्रेन के एक डिब्बे में भूल गई है। बैग में सोने के कीमती गहने थे। इसके बाद कमारकुंडु जीआरपी ने श्रीरामपुर जीआरपी थाने को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही पुलिस ने डिब्बे में तलाशी ली। इस दौरान बैग बरामद कर लिया गया। बैग में करीब 40 ग्राम वजन की सोने की एक जोड़ी चूड़ियां, लगभग तीन ग्राम वजन की एक जोड़ी कान की बालियां और करीब पांच ग्राम वजन के दो सोने के लॉकेट मिले।

बाद में महिला श्रीरामपुर जीआरपी थाने पहुंची। आवश्यक जांच और पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने सभी गहनों सहित बैग उसे सौंप दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता