जलपाईगुड़ी में रामनवमी की धूम, बाजार में बढ़ी भगवा सामान की मांग
जलपाईगुड़ी, 24 मार्च (हि. स.)। जिले में रामनवमी से पहले जहां एक ओर चुनावी प्रचार तेज है, वहीं दूसरी ओर त्योहार की तैयारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है। शहर के टेंपल स्ट्रीट, दिनबाजार समेत कई इलाकों में भगवा झंडे, टोपी और राम-हनुमान की तस्वीरों वाले सामानों की बिक्री जोरों पर है।
बाजार में इस बार रामनवमी स्पेशल टी-शर्ट और कुर्ता की भी अच्छी खासी डिमांड देखी जा रही है।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इस पर्व को लेकर लोगों में उत्साह काफी बढ़ा है, जिससे व्यापार में भी इजाफा हुआ है।
व्यापारी राजू अग्रवाल और संजय साहा ने बताया कि पहले रामनवमी पर सीमित बिक्री होती थी, लेकिन अब हर साल मांग बढ़ रही है। इसलिए वे अलग-अलग तरह के उत्पाद दुकान में रख रहे है।
दिनबाजार के व्यापारी शांतनु राय के मुताबिक, तीन-चार साल पहले जहां केवल कुछ झंडे ही बिकते थे। वहीं, अब यह त्योहार बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है और बाजार में रौनक बढ़ गई है।
बाजार में आठ रुपये से 200 रुपये तक के झंडे, 100 से 350 रुपये तक के कुर्ते और टी-शर्ट, दस रुपये के बाइक फ्लैग और बच्चों के लिए गदा व अन्य सामान भी बिक रहे है।
खरीदारी करने आए स्थानीय निवासी सौमेन साहा ने कहा कि पिछले दो सालों से शहर में रामनवमी का आयोजन बड़े स्तर पर हो रहा है और इस बार वह भी इसमें हिस्सा लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

