जमीन विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, इलाके में सनसनी
मुर्शिदाबाद, 22 मार्च (हि. स.)। जिले के डोमकल इलाके में जमीन विवाद को लेकर एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत महिला की पहचान पारविना खातून के रूप में हुई है, जो जलंगी के फरिदपुर की रहने वाली थी। वह डोमकल निवासी होबी मंडल की तीसरी पत्नी थी।
बताया गया है कि करीब दो साल पहले दोनों की शादी हुई थी और शादी की शर्त के तौर पर पारविना के नाम दो कठ्ठा जमीन लिखी गई थी।
मृत महिला के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले उस जमीन को वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। जमीन लौटाने से इनकार करने पर पारविना को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते रविवार को पारविना की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृत महिला की भाभी रोजिना बीबी ने बताया कि जमीन को लेकर उस पर लंबे समय से अत्याचार हो रहा था। वहीं, मृत महिला के भाई बापी मंडल ने कहा कि पारविना ने फोन पर उन्हें प्रताड़ना की जानकारी दी थी और ईद के बाद इस मामले को सुलझाने की योजना थी।
दूसरी ओर, आरोपित होबी मंडल ने दावा किया है कि उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटे यामिन मंडल ने लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे पारविना की मौत हुई।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
घोड़ामार पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि सौरभ हुसैन ने बताया कि आरोपित युवक मानसिक रूप से अस्थिर है और पहले भी कई बार आक्रामक व्यवहार कर चुका है। उन्होंने कहा कि घटना के समय पारविना नमाज अदा कर रही थीं, तभी अचानक उस पर हमला किया गया। बाद में ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

