home page

जनसंख्या नियंत्रण पर विचार कर सकती है नई सरकार : शमिक भट्टाचार्य

 | 
जनसंख्या नियंत्रण पर विचार कर सकती है नई सरकार : शमिक भट्टाचार्य


कोलकाता, 30 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने संकेत दिया है कि राज्य की नई भाजपा सरकार जनसंख्या नियंत्रण के लिए विशेष कदमों पर विचार कर सकती है। शनिवार को बिधाननगर अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को परिवार नियोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए और जन्म नियंत्रण तथा जनसंख्या प्रबंधन को लेकर एक व्यापक जनजागरण अभियान शुरू करना चाहिए।

शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण के लिए ठोस नीति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को परिवार नियोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए और यदि आवश्यक हो तो इसे लेकर एक प्रमुख सरकारी अभियान शुरू किया जाना चाहिए।

उन्होंने 1990 के चर्चित बंटाला कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि अतीत में स्वास्थ्य अभियानों को धार्मिक कट्टरता के कारण बाधाओं का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को विरोध का सामना करना पड़ता था। कट्टरपंथी प्रचार के कारण कई बीमारियों को पूरी तरह समाप्त करने में कठिनाइयां आईं।

भट्टाचार्य ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जनता की भावनाओं को समझते हैं और सरकार गठन के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य की बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का प्रयास करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक स्वस्थ और प्रगतिशील समाज में परिवार नियोजन को अनिवार्य बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, यदि आवश्यक हो तो सरकार को जन्म नियंत्रण और परिवार नियोजन को लेकर एक प्रमुख परियोजना शुरू करनी चाहिए। भूमि पर बढ़ते जनसंख्या दबाव को कम करना आवश्यक है। महिलाओं के सशक्तीकरण, शिक्षा, सामाजिक विकास और आर्थिक प्रगति के लिए परिवार नियोजन बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य में जनसंख्या नियंत्रण संबंधी उपायों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की और कहा कि ऐसी पहल वर्तमान समय की आवश्यकता है।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि नई सरकार किसी विशेष समुदाय की नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के सभी 10 करोड़ लोगों की सरकार है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को समान रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक मामलों में राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होने देगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानांतरण सहित विभिन्न प्रशासनिक निर्णय स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से लिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि यह बयान बिधाननगर अस्पताल में राज्यव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दिया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू किए गए इस अभियान के तहत राज्यभर में 14 और 15 वर्ष की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर रोधी टीका लगाया जाएगा।

राज्य सरकार के अनुसार, इस अभियान के तहत सात लाख से अधिक किशोरियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए राज्यभर में 235 स्वास्थ्य केंद्रों को नामित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय