home page

जनता के आशीर्वाद से विकास के लिए करेंगे काम : शंकर घोष

 | 
जनता के आशीर्वाद से विकास के लिए करेंगे काम : शंकर घोष


सिलीगुड़ी, 16 मई (हि.स.)। विधायक पद की शपथ लेने के बाद कोलकाता से सिलीगुड़ी लौटते ही भाजपा नेता और नव-निर्वाचित विधायक शंकर घोष का भव्य स्वागत हुआ। अपने शहर लौटकर उन्होंने सिलीगुड़ी की तुलना विभूतिभूषण के मशहूर उपन्यास *‘चांदेर पहाड़’* से की।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार उनकी वापसी जिम्मेदारियों और लोगों की उम्मीदों से भरी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के आशीर्वाद के साथ वे विकास के लिए काम करेंगे और पार्टी के संकल्प पत्र के अनुसार आगे बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के निर्देशों पर चलेगी।

सिर्फ भावनात्मक बातें ही नहीं, शंकर घोष ने सख्त संदेश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन के काम में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पिछले 15 वर्षों की तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार और लोगों की परेशानियों का जिक्र किया।

आरजी कर कांड और ‘अभया’ मामले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “धर्म का चक्र घूमता है” और आरोप लगाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुराने सभी मामलों की जांच होगी और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश की जाएगी। गौरतलब है कि सिलीगुड़ी लौटने के बाद शंकर घोष एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आए और स्कूटर से ही घर पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार