जंगीपुर नगरपालिका में तृणमूल को झटका, चेयरमैन मफिजुल इस्लाम पद से हटाए गए
मुर्शिदाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की जंगीपुर नगरपालिका में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। चेयरमैन मफिजुल इस्लाम को अविश्वास प्रस्ताव के बाद पद से हटा दिया गया। सूत्रों के अनुसार, बैठक शुरू होने से पहले ही उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही जंगीपुर नगरपालिका का बोर्ड प्रभावी रूप से भंग हो गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले उपाध्यक्ष संतोष चौधरी के नेतृत्व में 11 पार्षदों ने मफिजुल इस्लाम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर इसे अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के कार्यालय में जमा कराया था। इसके बाद सोमवार को इस प्रस्ताव पर विचार के लिए विशेष बैठक बुलाई गई।
बैठक में चेयरमैन मफिजुल इस्लाम के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस के 15 पार्षदों, माकपा के तीन पार्षदों और कांग्रेस के एक पार्षद ने मतदान किया। भाजपा का कोई भी पार्षद बैठक में उपस्थित नहीं था। मतदान के बाद उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया गया।
गौरतलब है कि जंगीपुर नगरपालिका में कुल 21 वार्ड हैं। पिछले नगरपालिका चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 15 सीटें, माकपा ने तीन, कांग्रेस ने दो और भाजपा ने एक सीट जीती थी। बाद में विपक्ष का एक पार्षद भी तृणमूल में शामिल हो गया था, जिसके बाद तृणमूल ने नगरपालिका बोर्ड का गठन किया और मफिजुल इस्लाम को चेयरमैन तथा संतोष चौधरी को उपाध्यक्ष बनाया गया था।
हालांकि, समय के साथ उपाध्यक्ष संतोष चौधरी ने चेयरमैन के खिलाफ कई आरोप लगाए और अंततः उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, जिसके परिणामस्वरूप मफिजुल इस्लाम को पद छोड़ना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, राज्य में नवंबर में नगरपालिका चुनाव कराए जाने की संभावना है। ऐसे में जंगीपुर नगरपालिका में जल्द ही प्रशासक नियुक्त किए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

