home page

चोपड़ा में आवास योजना को लेकर सख्ती, गृह निर्माण में विलंब पर 500 लाभार्थियों को नोटिस

 | 
चोपड़ा में आवास योजना को लेकर सख्ती, गृह निर्माण में विलंब पर 500 लाभार्थियों को नोटिस


उत्तर दिनाजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। चोपड़ा ब्लॉक में आवास योजनाओं में लापरवाही पर प्रशासन ने बुधवार से कड़ा रुख अपनाया है। आवास योजना के तहत करीब 500 लाभार्थियों को नोटिस जारी किया जा रहा है, जिन्होंने पहली किस्त मिलने के बावजूद अब तक घर का निर्माण शुरू नहीं किया।

प्रशासन के अनुसार, नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर यदि निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो संबंधित लाभार्थियों को राशि वापस करने का निर्देश दिया जाएगा और अगली किस्त भी रोक दी जाएगी।

बताया गया है कि योजना के दूसरे चरण में लगभग 1,746 लाभार्थियों को पहली किस्त की रकम करीब साढ़े तीन महीने पहले मिल चुकी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने काम शुरू नहीं किया। इसको लेकर ब्लॉक प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए है।

साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेल्फ सर्वे के जरिए जमा हुए आवेदनों की भी अब ग्राम पंचायत स्तर पर जांच की जा रही है, ताकि केवल पात्र लोगों को ही योजना का लाभ मिल सके। प्रशासन को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ लोगों के पास पहले से पक्के मकान होने के बावजूद उन्होंने नए सिरे से आवेदन किया है।

अधिकारियों बताया कि यदि जांच में गड़बड़ी पाई जाती है, तो ऐसे लाभार्थियों को चेतावनी देकर पैसे वापस लिए जाएंगे। वहीं, कुछ लोगों ने निर्माण कार्य में देरी के पीछे सामग्री (रेत, पत्थर) की कमी को कारण बताया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से सख्त निगरानी जारी है, ताकि योजनाओं का लाभ सही और जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार