चुनाव 26 : उत्तरपाड़ा से पूर्व पंचायत प्रधान अच्छेलाल यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भरा नामांकन
हुगली, 09 अप्रैल (हि. स.)। उत्तरपाड़ा विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है। गुरुवार को कानाईपुर पंचायत के पूर्व प्रधान अच्छेलाल यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में श्रीरामपुर महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए अच्छेलाल यादव ने कहा कि उत्तरपाड़ा का दुर्भाग्य रहा है कि लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दल ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारते रहे हैं, जो क्षेत्र से कटे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद भी क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तरपाड़ा बहुत दिनों से उपेक्षित है। यहां के लोगों की समस्याओं को समझते हुए और उनके दर्द को कम करने के उद्देश्य से मैं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरा हूं।
उल्लेखनीय है कि अच्छेलाल यादव को उत्तरपाड़ा क्षेत्र में एक प्रभावशाली स्थानीय नेता के रूप में जाना जाता है। पहले से ही इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी हुई थी, ऐसे में उनके चुनाव मैदान में उतरने से राजनीतिक समीकरण और बदलने की संभावना जताई जा रही है।
अब देखना होगा कि निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अच्छेलाल यादव की मौजूदगी चुनाव परिणामों पर कितना असर डालती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

