चुंचुड़ा रेलवे स्टेशन पर लाइन पार करते समय यात्री की ट्रेन से कटकर मौत
हुगली, 03 अगस्त (हि.स.)। हुगली जिले के चुंचुड़ा रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर एक हादसे में रेल लाइन पार कर रहे एक यात्री की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बैंडेल जीआरपी सूत्रों के अनुसार, सोमवार दोपहर एक यात्री प्लेटफॉर्म संख्या-1 से रेलवे लाइन पार कर प्लेटफॉर्म संख्या-2 की ओर जा रहा था। इसी दौरान डाउन लाइन संख्या-1 पर एक मेल ट्रेन स्टेशन में प्रवेश कर रही थी। ट्रेन को सामने देख यात्री ने तेजी से प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका और पटरी पर गिर पड़ा। देखते ही देखते वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान मृतक का बैग, चश्मा और जूते रेलवे ट्रैक पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीआरपी ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि उसके बैग से एक लॉगबुक बरामद हुई है, जिसके आधार पर प्रारंभिक तौर पर उसके पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर का निवासी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। यह भी आशंका है कि वह दुर्गापुर स्थित किसी निजी संस्था में कार्यरत था। पुलिस उसकी पहचान और अन्य विवरणों की पुष्टि करने में जुटी है।
रेलवे अधिकारियों ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में रेलवे लाइन पार न करें और केवल फुटओवर ब्रिज या निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में नियमों की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

