चुंचुड़ा में सजावट कारखाने में आग, थीम सामग्री जलकर राख
हुगली, 04 नवंबर (हि. स.)। जगद्धात्री पूजा की तैयारियों के बीच चुंचुड़ा में बुधवार शाम आग लगने से एक सजावट कारखाना पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में कारखाने के पास स्थित थीम कलाकार का दो मंजिला मकान भी आ गया। घटना चुंचुड़ा नगरपालिका के 30 नंबर वार्ड के कुंडूघाट बड़ाबागान इलाके की है। इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कारखाने के मालिक थीम कलाकार कुंतल मल्लिक हैं। दुर्गापूजा समाप्त होने के बाद वह चंदननगर की प्रसिद्ध जगद्धात्री पूजा के लिए पंडाल सजावट और थीम से जुड़ी सामग्री तैयार करने में जुटे थे। प्लाईवुड पर विभिन्न कलाकृतियां और डिजाइन उकेरकर पूजा आयोजकों की मांग के अनुसार सजावटी सामग्री बनाई जा रही थी।
बताया गया है कि बुधवार शाम अचानक कारखाने में आग लग गई। उस समय कुंतल मल्लिक और उनकी बेटी मोनालिसा घर में मौजूद थीं। दोनों ने अचानक घर के भीतर धुआं देखा। कुछ ही देर में पूरा कारखाना और मकान घने काले धुएं से भर गया। खतरे को भांपते हुए दोनों किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहे। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कारखाने के साथ मकान के एक हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक कारखाने में रखी तमाम सामग्री जलकर राख हो चुकी थी।
गौरतलब है कि इस वर्ष दुर्गापूजा के दौरान कुंतल मल्लिक ने कोलकाता में काम किया था। इसके बाद वह चंदननगर की पारंपरिक जगद्धात्री पूजा के लिए थीम और पंडाल सजावट की तैयारियों में जुटे थे। काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका था। लेकिन अचानक हुई इस आगजनी में उनकी लंबे समय की मेहनत और पूजा के लिए तैयार की गई तमाम सामग्री नष्ट हो गई।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी जांच में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

