चांपदानी नगरपालिका बोर्ड भंग, चेयरमैन समेत 19 तृणमूल पार्षदों ने दिया इस्तीफा
हुगली, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नगर निकायों में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच गुरुवार को हुगली जिले की चांपदानी नगरपालिका का बोर्ड भी प्रभावी रूप से भंग हो गया। चेयरमैन सुरेश मिश्रा समेत तृणमूल कांग्रेस के 19 पार्षदों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले चांपदानी नगरपालिका के तृणमूल के दो पार्षदों ने इस्तीफा दिया था। गुरुवार को चेयरमैन सुरेश मिश्रा सहित शेष 17 तृणमूल पार्षदों ने भी अपना इस्तीफा नगरपालिका के कार्यपालक अधिकारी (एक्जीक्यूटिव ऑफिसर) को सौंप दिया। बताया गया है कि कार्यपालक अधिकारी इन इस्तीफों को आगे की कार्रवाई के लिए चंदननगर के एसडीओेेेेेेे के पास भेजेंगे।
सूत्रों के अनुसार, वार्ड संख्या 12 के तृणमूल पार्षद तारक सिंह और वार्ड संख्या 10 के पार्षद सलीम कुरैशी क्षेत्र से बाहर होने के कारण फिलहाल इस्तीफा नहीं दे सके हैं।
वहीं, वार्ड संख्या सात के कांग्रेस पार्षद दारोगा राजभर ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद आगे का निर्णय लेंगे। हालांकि, अधिकांश पार्षदों के इस्तीफे के बाद चांपदानी नगरपालिका का बोर्ड प्रभावी रूप से भंग हो गया है।
उल्लेखनीय है कि 22 वार्डों वाली चांपदानी नगरपालिका में तृणमूल कांग्रेस के 21 और कांग्रेस का एक पार्षद था।
गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद लगातार कई नगरपालिकाओं में प्रशासनिक संकट की स्थिति बनी हुई है। विभिन्न नगरपालिकाओं में तृणमूल कांग्रेस के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और पार्षदों के इस्तीफे के कारण कई बोर्ड प्रभावी रूप से भंग हो चुके हैं। कुछ स्थानों पर प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से चलाने के लिए प्रशासकों की नियुक्ति भी की गई है।
इस तरह की स्थिति सबसे पहले हुगली जिले के चंदननगर नगर निगम में देखने को मिली थी। इसके बाद चुंचुड़ा, बांसबेड़िया, भद्रेश्वर, डानकुनी और तारकेश्वर नगरपालिकाओं के बोर्ड भी कार्यकाल पूरा होने से पहले ही भंग हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

