चांचल में नामांकन के दौरान हंगामा, तृणमूल और भाजपा समर्थकों में टकराव
मालदा, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले के चांचल में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए नामांकन दाखिल को लेकर गुरुवार को माहौल गरमा गया। चांचल महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय परिसर में रतुआ, मालतीपुर और हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के कुल छह उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से अब्दुर रहीम बक्स़ी समेत अन्य उम्मीदवार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से अभिषेक सिंघानिया, रतन दास और आशीष दास ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। तनाव की शुरुआत नारेबाजी को लेकर हुई। आरोप है कि भाजपा की रैली से “जय श्री राम” के नारे लगाए गए, जिसके जवाब में तृणमूल समर्थकों ने “जय बांग्ला” के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
तृणमूल और भाजपा के झंडों के साथ शक्ति प्रदर्शन के दौरान स्थिति अनियंत्रित हो गई। हालांकि, मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचने के बाद हालात को काबू में किया गया।
तृणमूल नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर उकसावे वाले नारे लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश की, जबकि भाजपा नेताओं का कहना है कि उनकी शांतिपूर्ण रैली में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने बाधा डाली। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

