home page

चंदननगर में दुर्गापूजा : एक हजार 700 से अधिक पंडालों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

 | 
चंदननगर में दुर्गापूजा : एक हजार 700 से अधिक पंडालों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर


हुगली, 10 अक्टूबर (हि. स.)। महालया के साथ ही देवीपक्ष की शुरुआत हो गई है। दुर्गापूजा की अंतिम चरण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चंदननगर पुलिस आयुक्त सुनील कुमार यादव ने शनिवार को श्रीरामपुर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रीरामपुर के पुलिस उपायुक्त अन्य विश्वास सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन के पास बाजार परिसर में स्थित आरएमएस मैदान की शताब्दी पुरानी दुर्गापूजा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के यहां पूजा में शामिल होने की संभावित संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना शुरू कर दिया है। पुलिस आयुक्त ने पंडाल में प्रवेश और निकास के रास्तों, दर्शकों की आवाजाही तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने श्रीरामपुर के अन्य पूजा पंडालों का भी निरीक्षण किया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष चंदननगर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में एक हजार 700 से अधिक दुर्गापूजाओं का आयोजन हो रहा है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या एक हजार 558 थी। पूजा समितियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था भी बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के साथ बिजली विभाग और अग्निशमन विभाग के कर्मी भी निरीक्षण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार यातायात नियंत्रण पर विशेष जोर दिया जाएगा। सभी पूजा समितियों को पंडालों में शत-प्रतिशत सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनुमति के बिना स्वागत द्वार या ऊंचे अस्थायी ढांचे बनाने पर रोक रहेगी। ऐसे ढांचे बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की अनुमति अनिवार्य होगी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूजा आयोजन के लिए मिले आवेदनों की जांच की जा रही है। जमीन से जुड़े विवादों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय