home page

चंडीतला में 'वंदे मातरम' कार्यक्रम को लेकर विवाद, आयोजक और भाजपा जिलाध्यक्ष के दावे आमने-सामने

 | 
चंडीतला में 'वंदे मातरम' कार्यक्रम को लेकर विवाद, आयोजक और भाजपा जिलाध्यक्ष के दावे आमने-सामने


हुगली, 27 जुलाई (हि. स.)। जिले के चंडीतला बीडीओ कार्यालय में 26 जुलाई को आयोजित होने वाले 'वंदे मातरम' कार्यक्रम को लेकर विवाद सामने आया है। कार्यक्रम के आयोजक स्वामी विवेकानंद सेवा फाउंडेशन के सभापति बिष्णु कुमार झा ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम की अनुमति के लिए उनसे श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष सुमन घोष का अनुमति-पत्र लाने को कहा गया। दूसरी ओर, सुमन घोष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।

बिष्णु कुमार झा ने बताया कि उन्होंने 26 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक के लिए चंडीतला बीडीओ कार्यालय का सभागार 'वंदे मातरम' कार्यक्रम के लिए बुक कराया था। उनके अनुसार, कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता, कुछ विद्यालयों के छात्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष तथा बेलूर मठ के एक महाराज के शामिल होने की तैयारी थी।

झा का आरोप है कि कार्यक्रम से एक दिन पहले बीडीओ कार्यालय से फोन कर कहा गया कि पहले श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष सुमन घोष का अनुमति-पत्र लेकर आएं, तभी कार्यक्रम आयोजित किया जा सकेगा। उनका कहना है कि जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो उन्हें बताया गया कि जिला भाजपा अध्यक्ष की अनुमति के बिना 'वंदे मातरम' कार्यक्रम नहीं हो सकता।

वहीं, सोमवार शाम हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष सुमन घोष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं उस व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता। हमारे पार्टी कार्यकर्ता भी उन्हें नहीं जानते। मुझे जानकारी मिली है कि उन्होंने प्रदेश भाजपा के कार्यक्रम के नाम पर हॉल बुक कराया था। जब हॉल का किराया देने की बात आई तो वह पीछे हट गए। अब मुझे बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है। यदि किसी के पास मेरे खिलाफ कोई सबूत है तो वह सामने लाए। मैं इस तरह के आरोपों को ज्यादा महत्व नहीं देता।

खबर लिखे जाने तक इस मामले में चंडीतला बीडीओ कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय