घोषपुर यूनियन नेताजी विद्यापीठ में दुस्साहसिक चोरी, 10 से 12 लाख रुपये चोरी होने का आरोप
हुगली, 19 अगस्त (हि. स.)। विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए घोषपुर यूनियन नेताजी विद्यापीठ में बुधवार को दुस्साहसिक चोरी की घटना सामने आई है। वारदात के बाद विद्यालय के शिक्षक, शिक्षाकर्मी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक सकते में हैं।
विद्यालय सूत्रों के अनुसार, प्रधानाध्यापक के कक्ष का ताला कटा हुआ पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गैस कटर या इसी तरह के किसी उपकरण से ताला काटा गया। इसके बाद मुख्य कार्यालय की जंजीर काटकर चोर अंदर दाखिल हुए और कई अलमारियों को तोड़ दिया। स्टाफ रूम में भी शिक्षकों के निजी लॉकर तोड़े जाने के निशान मिले हैं। वहीं, विद्यालय के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें अस्त-व्यस्त अवस्था में पाई गईं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विद्यालय के को-ऑपरेटिव में रखे करीब 10 से 12 लाख रुपये, छात्र-छात्राओं के रजिस्ट्रेशन से संबंधित रकम तथा शिक्षकों के निजी लॉकर में रखी नकदी और अन्य सामान चोरी होने का आरोप है। हालांकि, चोरी से हुई कुल क्षति का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान की सही तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
शिक्षा संस्थान में इस तरह ताले और जंजीर काटकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर महत्वपूर्ण दस्तावेज, विद्यार्थियों की रकम और शिक्षकों की निजी संपत्ति चोरों तक इतनी आसानी से कैसे पहुंची, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन की ओर से जांच शुरू किए जाने की बात सामने आई है। विद्यालय प्रबंधन ने चोरी में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी गए रुपये और सामान बरामद करने की मांग की है।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग उठ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

