घर के नीचे बने गुप्त तहखाने से 43 किलो गांजा बरामद, मकान मालिक गिरफ्तार
झाड़ग्राम, 08 नवंबर (हि. स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक घर से लगभग 43 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजा घर के नीचे जमीन में बने एक गुप्त कक्ष में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक को गिरफ्तार किया है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर रविवार झाड़ग्राम थाने की पुलिस ने सुलगेरिया चांदीपुर गांव स्थित एक मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को जमीन के नीचे बने गुप्त कक्ष में छिपाकर रखा गया लगभग 43 किलोग्राम गांजा मिला।
इस मामले में झाड़ग्राम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
झाड़ग्राम जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

