home page

ग्रामीण विकास में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर आईआईटी खड़गपुर में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित

 | 
ग्रामीण विकास में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर आईआईटी खड़गपुर में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित


ग्रामीण विकास में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर आईआईटी खड़गपुर में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित


खड़गपुर, 14 नवंबर (हि. स.)। गांवों के समग्र विकास और वंचित युवाओं को सशक्त बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर में शनिवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला 'ग्रामीण संपर्क 2026' की शुरुआत हुई। 14 और 15 नवंबर को आयोजित इस कार्यशाला का विषय 'वंचित युवाओं का सशक्तीकरण' है। उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल के ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यशाला में ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक शिक्षा, सूचना तथा आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सस्ती और भरोसेमंद संचार सुविधाओं के विकास पर विशेष चर्चा हो रही है। कृषि, शिक्षा, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी और कचरा प्रबंधन जैसे ग्रामीण जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही गांवों में कमजोर इंटरनेट संकेत, सीमित तकनीकी संसाधनों और डिजिटल सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया जा रहा है।

आईआईटी खड़गपुर की बेतार संचार एवं नेटवर्क अनुसंधान प्रयोगशाला में चल रहे शोध को इस कार्यशाला का प्रमुख आधार बनाया गया है। इसमें बेतार संचार, वस्तुओं के इंटरनेट और नेटवर्क संवेदन तकनीक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान तलाशने पर विचार हो रहा है। कार्यशाला शोधकर्ताओं, मार्गदर्शकों और विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान कर रही है, जहां तकनीकी शोध को ग्रामीण जरूरतों से जोड़ने के उपाय तलाशे जा रहे हैं।

इस आयोजन में आईआईटी खड़गपुर के प्राध्यापक, विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थी तथा व्यावसायिक और तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विचार-मंथन प्रतियोगिता और ग्रामीण जीवन के भविष्य पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है।

कार्यशाला में सरकारी विकास योजनाओं के साथ शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को ग्रामीण समस्याओं पर शोध करने तथा उनके समाधान के लिए नए तकनीकी प्रयोग और नवाचार विकसित करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से कृषि और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने, डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की संभावनाओं पर चर्चा किया जा रहा है।

ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला का व्यापक उद्देश्य सरकार, शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी क्षेत्र के बीच समन्वय स्थापित करना है। इसके माध्यम से गांवों और शहरों के बीच डिजिटल सुविधाओं की दूरी कम करने तथा विकास योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में ठोस तकनीकी समाधान विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता