गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप में सिविक वालंटियर गिरफ्तार
कूचबिहार, 24 सितंबर (हि. स.)। गोपनीय जानकारी कथित तौर पर बाहर पहुंचाने के आरोप में कूचबिहार कोतवाली थाना पुलिस ने अदालत परिसर से एक सिविक वालंटियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सलीम रब्बानी के रूप में हुई है। वह लंबे समय से कोर्ट में ड्यूटी कर रहा था। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपित सिविक वॉलंटियर को कूचबिहार अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात सलीम रब्बानी को कोर्ट परिसर से हिरासत में लेकर कोतवाली थाने लाया गया। वहां जिला पुलिस अधीक्षक मनीष जोशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिकी अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद उसके खिलाफ कथित तौर पर गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप में मामला दर्ज कर देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस तरह की गोपनीय जानकारी कथित तौर पर बाहर पहुंचाई गई थी। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

